लंदन। ब्रिटेन की सबसे सफल सरोगेट मां जिल हॉकिन्स ने इस पेशे को अलविदा कह दिया है। 45 वर्षीया अविवाहित हॉकिन्स पिछले 19 साल में आठ बच्चों की सरोगेट मां बनीं।
पिछले दिनों आठवें बच्चे के जन्म के बाद उन्होंने मानसिक और शारीरिक समस्याएं शुरू होने की शिकायत की। इस साल वह ज्यादातर दिन छुट्टी पर रहीं।
आठवें बच्चे के जन्म से दो हफ्ते पहले जब हॉकिन्स अपना नियमित चेकअप कराने अस्पताल गई थी, तो डाक्टरों ने उनके गिरते स्वास्थ्य पर गहरी चिंता जाहिर की। उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। उनका ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ था और बच्चे के दिल की धड़कन बहुत तेज थी। उन्हें लगातार उल्टी आ रही थी।
डॉक्टरों की देखरेख में बच्चे को जन्म देने के बाद उन्होंने कहा, पहले गर्भधारण के बाद मैं अतिशीघ्र ऑफिस जाना शुरू कर देती थी, लेकिन अब स्थितियां बदल गई हैं। मेरी मां बनने की उम्र भी खत्म हो चुकी है।
उनके मुताबिक जब वह नि:संतान दंपती की गोद में बच्चे को देखती हैं, तो गर्भावस्था की तकलीफें भूल जाती हैं। उन्होंने कहा कि गर्भवती होने ने मुझे जीवन का एक उद्देश्य दिया, लेकिन अब मुझे नया व्यवसाय तलाशना होगा।
आठों बच्चों की तस्वीरें हॉकिन्स ने अपने कमरे में लगा रखी हैं। इन बच्चों के अभिभावकों से भी वह संपर्क में हैं। उनका पहला बच्चा 18 वर्ष का है।
ब्रिटेन में सरोगेट मां बनने पर सरकार द्वारा कोई आधिकारिक रकम मिलने का प्रावधान नहीं है। जबकि सेवा लेने वालों द्वारा गर्भावस्था के दौरान होने वाली मुश्किलों के लिए न्यूनतम करीब 12 हजार पौंड (करीब साढ़े आठ लाख रुपये) खर्च महिला को दिया जाता है।
गर्भावस्था के दौरान ऑफिस से छुट्टी लेने पर हॉकिन्स को मिलने वाली तनख्वाह उनकी सेवा लेने वाले युगल प्रदान करते थे।
No comments:
Post a Comment